राज्य अनुसूचित जाति आयोग और राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार, आयोग के अन्य सदस्य विजय डोगरा, दिग्विजय मल्होत्रा तथा शालिनी जमवाल सोमवार को जिला हमीरपुर के तीन दिवसीय दौरे पर जिला मुख्यालय पहुंचे। आयोग के अध्यक्ष एवं सभी सदस्यों ने अपने प्रवास के पहले दिन हमीर भवन में सफाई कर्मचारियों से संबंधित मुद्दों पर नगर निगम, जिला की अन्य शहरी निकायों, अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और अन्य बड़े संस्थानों के अधिकारियों के साथ व्यापक चर्चा की व सफाई कर्मचारियों की स्थिति के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट तलब की। कुलदीप कुमार ने कहा कि सफाई कर्मचारियों के कल्याण और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार ने कई योजनाएं चलाई हैं व अधिनियम बनाए हैं। इनका लाभ सभी सफाई कर्मचारियों तक पहुंचना चाहिए। कुलदीप कुमार ने नगर निगम, सभी शहरी निकायों और संस्थानों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो सफाई कर्मचारी आउटसोर्स आधार पर या ठेकेदार के माध्यम से कार्य कर रहे हैं, उनके वेतन और अन्य सुविधाओं पर लगातार नजर रखें। इनमें अगर अनियमितताएं पाई जाती हैं तो संबंधित फर्म या ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें।