हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के सासन गांव पहुंचकर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने युवक के हमले में जान गंवाने वाली महिला के परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। जयराम ठाकुर घायल महिला के पुत्र गोलू से मिलकर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि यह बहुत दुखद क्षण है। गोलू मासूम है और दिव्यांग भी। मां ही उसके जीवन का एकमात्र सहारा थी। लेकिन उनकी भी हत्या हो गई। यह क्षण बेहद भावुक और निःशब्द करने वाला है। हमारे विधायक आशीष शर्मा ने आर्थिक सहायता भी की है और यह आश्वासन दिया है कि हर महीने 3,000 की मदद व गोलू के पालन पोषण के लिए करते रहेंगे। परिवारजनों द्वारा आरोपी को लेकर कई बातें कही गई हैं। इसका सरकार को संज्ञान लेना चाहिए। मामले की जांच में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं होने पाए यह सरकार को सुनिश्चित करना चाहिए। इस दाैरान आशीष शर्मा, सुजानपुर के पूर्व विधायक राजिंदर राणा, विजय अग्निहोत्री और वंदना योगी उनके साथ रहे।