भ्रष्टाचार के खिलाफ जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को हमीरपुर के गांधी चौक में विजिलेंस ब्यूरो की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई। सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत आयोजित इस रैली में स्कूली बच्चों ने भाग लेकर लोगों को ईमानदारी अपनाने और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने का संदेश दिया। गांधी चौक से भोटा चौक तक निकाली गई रैली को विजिलेंस विभाग के एएसपी मुनीष ढडवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान स्कूली बच्चे हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर चले और बाजार में लोगों को भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। एएसपी मुनीष ढडवाल ने लोगों से अपील की कि वे भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की जानकारी विजिलेंस विभाग तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए जनसहयोग जरूरी है। लोग गलत कार्यों की सूचना संबंधित अधिकारियों को देकर इस अभियान को मजबूत बना सकते हैं। रैली के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। जागरूकता और जनसहभागिता से ही समाज में ईमानदारी और पारदर्शिता को बढ़ावा दिया जा सकता है। विजिलेंस विभाग की ओर से 26 अक्तूबर से एक नवंबर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आम लोगों को भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में विजिलेंस ब्यूरो की ओर से ऊखली से नादौन तक पदयात्रा भी निकाली जाएगी। इसके माध्यम से लोगों को ईमानदारी अपनाने, भ्रष्टाचार के खिलाफ सक्रिय भूमिका निभाने और जनहित में गलत कार्यों की सूचना संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।