जिले भर में गत दिवस से हो रही तेज मूसलाधार बारिश ने कहर बरपाया है। हमीरपुर शहर के साथ लगते अणु से बड़ू संपर्क मार्ग पर सड़क के धंस जाने से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई और सड़क का मलबा नीचे आईपीएच के पंप हाउस में जा घुसा है। जिससे पेयजल आपूर्ति भी बाधित हो गई है। वहीं सड़क धंस जाने के कारण दर्जनों गांवों के लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। हालांकि एक दिन के लिए इस मार्ग को पूर्णतया बंद कर दिया था, लेकिन मंगलवार सुबह दस बजे से छोटे वाहनों के लिए मार्ग को खोला गया है। जिससे कुछ राहत की सांस लोगों ने ली है। हालांकि सड़क का काफी हिस्सा धंस जाने के चलते अभी आगामी कुछ दिनों तक इस मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही पूर्णतया बंद रहेगी। मंगलवार दोपहर बाद लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन विजय कपिल और एसडीओ संजय ने मौके पर जाकर जायजा लिया है और सड़क पर पड़ी दरारों को भरवाने के लिये काम शुरू करवाया है। लोगों ने भी बताया कि सड़क टूट जाने से दिक्कतें हो रही हैं और पैदल आना जाना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से जल्द समस्या हल करने की मांग की है। वहीं, एसडीओ संजय कटोच ने बताया कि सड़क धंस जाने से समस्या बनी है और 30 लाख का एस्टीमेट बनाया है और इसका जल्द काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क को छोटे वाहनों के लिए खोल दिया है।