जिला मेला एसोसिएशन हमीरपुर के अध्यक्ष सुनील कुमार ने मीडिया को दिए बयान में प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए मैदान को एकमुश्त देने के फैसले को व्यापारी विरोधी बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के इशारे पर अधिकारियों को डराया और दबाया जा रहा है, ताकि चौगान मैदान का ठेका किसी खास चहेते को सौंपा जा सके। सुनील कुमार ने दावा किया कि अंदरखाते ठेकेदार पहले ही तय कर लिया गया है और अब केवल औपचारिकता निभाई जा रही है। उन्होंने कड़े शब्दों में सवाल उठाया कि जब वर्षों से चौगान मैदान खुली बोली के आधार पर दिया जाता रहा है, तो अचानक ऐसी कौन-सी मजबूरी आन पड़ी कि प्रशासन को नियम बदलने पड़े। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पारदर्शिता के साथ फैसला नहीं लिया गया, तो व्यापारी वर्ग सड़कों पर उतरने से पीछे नहीं हटेगा और इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।