हिमुडा कॉलोनी सलासी की संपर्क सड़क की हालत काफी दयनीय हो गई है। लंबे समय से सड़क जर्जर हालत में हैं। इस सड़क में काफी जगह गड्ढे बने हुए हैं। मरम्मत के अभाव में लोगों का चलना मुश्किल हो गया है। बरसात के दिनों में सड़क की हालत काफी खराब हो गई है। इस कारण स्थानीय निवासियों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों तथा दोपहिया वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हिमुडा कॉलोनी की संपर्क सड़क आगे कई अन्य संपर्क सड़कों से जुड़ी है। कई जगह सड़क उखड़ चुकी है। सड़क को देखकर प्रतीत होता है कि इस सड़क की काफी समय से सुध नहीं ली गई है। गड्ढों से भरी सड़क पर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। खासकर दोपहिया वाहनों चालकों को स्किड होने का खतरा बना है। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क मार्ग जर्जर हो चुका है। लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। लोक निर्माण विभाग से आग्रह है कि इस सड़क की मरम्मत की जाए। उन्होंने बताया कि सड़क ठीक होगी तो दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी। उधर लोक निर्माण विभाग हमीरपुर के अधिशाषी अभियंता दीपक ने बताया कि मामला ध्यान में आया है। इस बारे आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि विभाग लोगों को बेहतर सड़क सुविधा देने के लिए प्रयासरत्त है।