राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला समीरपुर में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यकारी प्रधानाचार्य बलराज सिंह जसवाल ने की। इस अवसर पर कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक लिमिटेड के अध्यक्ष राम चंद पठानिया ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि रावमापा दरब्यार के प्रधानाचार्य राकेश शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। छात्रों ने “जाट दा पंजामा उच्चा हो गया”, “चल मेले नु चलिए”, 'तू नी बोलदी तेरा यार बोलदा' जैसे गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इसके अलावा नुक्कड़ नाटक और देशभक्ति गीतों ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया और जमकर तालियां बटोरीं। मुख्य अतिथि राम चंद पठानिया ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए मेहनत, अनुशासन और संस्कारों को अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में शैक्षणिक, खेलकूद और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।