राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर का वार्षिक उत्सव शनिवार को मनाया गया। समारोह में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू बतौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शिक्षा सहित सभी क्षेत्रों में कई ऐसी नई एवं दूरदर्शी योजनाएं आरंभ कर रहे हैं, जोकि सिर्फ हिमाचल प्रदेश में ही नहीं, बल्कि देश के किसी राज्य में भी शुरू नहीं हुई थीं। उन्होंने छात्राओं से सभी कुरीतियों और अत्याचारों का मुकाबला करने के लिए स्वयं को सक्षम एवं सशक्त बनाने की अपील भी की। उन्होंने समारोह में नशे की समस्या पर प्रस्तुत किए गए लघु नाटक की सराहना करते हुए अपनी ओर से 2100 रुपये और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए भी 5100 रुपये देने की घोषणा भी की। समारोह में छात्राओं ने शिव तांडव, सावित्री बाई फुले की जीवनी, नशे के दुष्प्रभावों, महाभारत व ऑपरेशन सिंदूर के ऊपर लघु नाटक प्रस्तुत की खूब तालियां बटोरी। समारोह में सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र पहाड़ी नाटी रही। स्कूल प्रधानाचार्य पूनम चौहान ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर वर्षभर की गतिविधियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। समारोह के अंत में मुख्यातिथि व विशेष अतिथियों ने अकादमिक, खेल सहित अन्य गतिविधियों में विजेता छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, पूर्व पार्षद राजेश चौधरी, राकेश वर्मा, अन्य पूर्व पार्षद, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, एसएमसी के पदाधिकारी, शिक्षक व अभिभावक उपस्थित रहे।