पुलिस थाना भोरंज के तहत आने वाले पट्टा बाजार में चोरों ने दो दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर एक कॉस्मेटिक एवं गिफ्ट सेंटर से करीब 1.85 लाख रुपये कीमत का फोटोग्राफी कैमरा और 55 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। वहीं पास स्थित एक फास्ट फूड की दुकान के भी ताले तोड़े गए, लेकिन वहां से कोई नकदी नहीं मिली। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह जब दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों पर पहुंचे तो उन्हें ताले टूटे मिले। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दुकानों का निरीक्षण किया और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि कॉस्मेटिक एवं गिफ्ट सेंटर से फोटोग्राफी कैमरा और नकदी चोरी हुई है। इसके अलावा कुछ अन्य सामान भी गायब बताया जा रहा है। चोरी की इस घटना ने बाजार में सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बाजार में प्रशासन की ओर से लगाए गए सीसीटीवी कैमरे खराब पाए गए, जिसके कारण पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे निजी कैमरों की फुटेज खंगालनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब सीसीटीवी कैमरों की शिकायत पहले भी प्रशासन से की जा चुकी है, लेकिन इन्हें ठीक नहीं कराया गया। चोरी की यह वारदात कॉस्मेटिक एवं गिफ्ट सेंटर के मालिक दिनेश सिंह और अनिकेत की फास्ट फूड की दुकान में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।