नगर परिषद नादौन की ओर से सोमवार सुबह नादौन शहर में अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई की है। टीम ने छह दुकानदारों का सामान जब्त किया है। नगर परिषद की कार्रवाई से अन्य दुकानदारों में भी हड़कंप मच गया। उन्होंने भी अपना सामान तय सीमा में रख लिया। नगर परिषद की ओर से अतिक्रमण कारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पुन: सामान से अतिक्रमण किया गया तो चालान किया जाएगा। गौर रहे कि अमर उजाला की ओर से शहर में व्याप्त विभिन्न समस्याओं को प्रकाशित करते हुए उजागर किया। इन समस्याओं में लचर ट्रैफिक व्यवस्था, जाम का झाम, पार्किंग की असुविधा सहित अन्य शामिल हैं। सोमवार को नगर परिषद की टीम ने एक-एक करते हुए छह दुकानदारों का सामान जब्त कर लिया। टीम ने कुछ दुकानदारों के क्रेट भी जब्त कर लिया। जैसे ही टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी, इसकी भनक मिलते ही अन्य दुकानदारों ने भी सामान समेट लिया। नगर परिषद सप्ताह में दो बार इस तरह का निरीक्षण अभियान चलाएगी ताकि सड़क व फुटपाथ को अतिक्रमण रहित किया जाए। वहीं नगर परिषद की ओर से पुलिस प्रशासन को भी पत्र लिखा गया है। इस पत्र में बेतरतीव ढंग से पार्क करने वाले वाहनों का चालान करने का आग्रह किया गया है। नगर परिषद के अनुसार जल्द ही शहर को अतिक्रमण से मुक्त कर दिया जाएगा। इससे लोगों को भी राहत मिलेगी। शहर को अतिक्रमण मुक्त करना नगर परिषद का लक्ष्य है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए सोमवार को मार्ग में अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों का सामान जब्त किया है। दुकानदारों को हिदायतें भी जारी की हैं। यदि पुन: दुकानदार अतिक्रमण करते हैं तो चालान किया जाएगा। पुलिस प्रशासन को भी पत्र लिखा है कि नादौन बस स्टेंड के समीप नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों के चालान काटे जाएं।- रमन कुमार, ईओ, नगर परिषद नादौन