महादेवी स्टोन क्रशर से अवैध खनन और रॉयल्टी चोरी आरोपों के मामले में भाजपा विधायक आशीष शर्मा वीरवार को सुजानपुर थाना में पहुंचे। न्यायलय के आदेशों पर वह जांच में शामिल हुए हैं। उनके ऊपर पुलिस विभाग ने राजस्व चोरी के आरोप लगाए हैं। इस मामले में बीते बुधवार को वह न्यायलय में पेश हुए थे। जहां से अदालत ने उन्हें 20 नवंबर तक अंतरिम जमानत दी है और जांच में शामिल होने के आदेश दिए है। थाने में जांच में शामिल होने के बाद उन्होंने मीडिया कर्मियों से भी बातचीत की। सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि नाकामियों का जश्न कांग्रेस सरकार की ओर से मनाया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने मात्र तीन वर्ष में अपने विरोधियों को तंग करने का ही कार्य किया है जबकि प्रदेश के हालात खराब होते जा रहे हैं। जिस स्टोन क्रशर से रॉयल्टी चोरी का आरोप लगाया जा रहा है वह वर्ष 2024 से बंद पड़ा है। प्रदेश सरकार के पास जनता के हितों को लेकर के कोई ठोस योजना या कार्य करने की क्षमता नहीं है तथा प्रदेश सरकार पूरी तरह से फ्लॉप साबित हो चुकी है। उनके खिलाफ लगाए गए रॉयल्टी चोरी के आरोपों के मामले में वह पुलिस को जांच में सहयोग कर रहे हैं। हैरत है कि इस तरह के आरोप को लेकर खनन विभाग का कोई नोटिस नहीं मिला। राजनीतिक दबाव में पुलिस कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार झूठे मुकदमे बनाकर बेवजह तंग कर रही है लेकिन न्यायालय पर पूर्ण विश्वास है तथा लगाएं आरोप बिल्कुल झूठ साबित होंगे। उन्होंने कहा कि इससे पहले दो बार यहां आकर पुलिस की जांच में सहयोग कर चुके हैं।