थाना भोरंज के तहत 23 साल की महिला की संदिग्ध मौत पर मायका पक्ष ने मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में हंगामा किया। मायका पक्ष का आरोप है कि उनकी बेटी को ससुराल पक्ष की ओर से तंग किया जाता था। उन्होंने पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग की है। महिला की पहचान शिवानी (रीतू) पत्नी वीरेंद्र निवासी चंबोह के रूप में हुई है। एक साल पहले ही उनकी शादी हुई थी। महिला की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे भोरंज अस्पताल ले गए। यहां से महिला को मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रैफर कर दिया गया। महिला को यहां पर मृत घोषित कर दिया गया। आशंका व्यक्त की जा रही है कि किसी जहरीला पदार्थ के सेवन से महिला की मौत हुई। सुबह मायका पक्ष और ससुराल पक्ष के लोग भी मेडिकल कॉलेज में थे। लेकिन मायका पक्ष का आरोप है कि कुछ समय बाद ससुराल पक्ष के लोग चले गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत करवाया। महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।