कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने शनिवार को गो सम्मान आह्वान अभियान का समर्थन करते हुए हस्ताक्षर किए और लोगों से भी इस अभियान का हिस्सा बनने की अपील की। अभियान के प्रतिनिधि दिनेश शर्मा और देवराज ने उनसे भेंट कर अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी। डॉ. वर्मा ने कहा कि गोवंश की सुरक्षा और संरक्षण केवल सरकार की नहीं,बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर लवारिस घूम रहे गोवंश की बढ़ती समस्या के समाधान के लिए सरकार,सामाजिक संगठनों और आम लोगों को मिलकर प्रभावी कदम उठाने होंगे। गोशालाओं को सुदृढ़ करने,चारे की समुचित व्यवस्था और गोवंश की देखभाल के लिए ठोस योजनाएं बनाना समय की आवश्यकता है।जनसहभागिता से ही गो संरक्षण के प्रयासों को मजबूती मिलेगी और सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं ने कहा कि हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से लोगों की भावनाओं और मांगों को संबंधित सांविधानिक एवं सरकारी अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। अभियान के तहत अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।