प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना की जिला स्तरीय अभिसरण समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त अमरजीत सिंह ने की। उन्होंने संबंधित पंचायत जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे पीएमएजीवाई के अंतर्गत वर्ष 2022-23 में चयनित जिला के पांचों गांवों में सभी कार्यों को 15 नवंबर तक पूरा करें। इन गांवों में दड़ूही, दरोगण पत्ती कोट, मालग, महारल और धीरड़ शामिल हैं। इन गांवों के लिए योजना के तहत 20-20 लाख रुपये का प्रावधान किया गया था। इनकी ग्राम विकास योजना के अनुसार कुल 165 विकास कार्यों को मंजूरी दी गई थी। लेकिन, इनमें से कुछ विकास कार्य अभी भी लंबित हैं। किन्हीं कारणों से अगर कोई कार्य अभी भी शुरू नहीं हो पा रहा है और उसमें कोई विवाद है तो तुरंत वीडीपी में बदलाव करें। नए कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें। पीएमएजीवाई के हर कार्य की जानकारी वेबपोर्टल पर भी अपलोड की जाती है। पंचायत जनप्रतिनिधि एवं सचिव इन कार्यों की तुरंत ऑनलाइन रिपोर्टिंग भी सुनिश्चित करें। उन्होंने जिला कल्याण अधिकारी और संबंधित बीडीओ को सभी लंबित कार्यों की मौके पर जाकर निगरानी करने के निर्देश भी दिए। वर्ष 2025-26 में इसी योजना के तहत जिला के 16 अन्य गांव भी चयनित किए गए हैं। बैठक में जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा ने योजना के तहत स्वीकृत विभिन्न कार्यों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, संबंधित बीडीओ, पंचायत प्रधान और सचिव भी उपस्थित रहे।