करवा चौथ के पावन पर्व पर शुक्रवार को अवाहदेवी माता मंदिर में आस्था और श्रद्धा का सैलाब उमड़ा। सुबह सवेरे ही सज धजकर सुहागिनों ने मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना कर माता रानी का आशीर्वाद लेकर पति की दीर्घायु और परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में सुबह से ही भव्य जागरण कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जो शाम 5:00 बजे तक चलता रहा। इस दौरान माता के भजनों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। भक्तजन जय अवाहदेवी माता और मेरे अंगना आई मां जैसे भजनों पर झूम उठे। महिलाओं ने भक्ति रस में डूबकर माता के गीतों पर नृत्य किया। मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए जलपान और दर्शन की समुचित व्यवस्था की गई।