हमीरपुर जिले उपमंडल भोरंज के तहत धमरोल गांव में सोमवार सुबह एक गोशाला आग की भेंट चढ़ गई। आग के कारण परिवार को दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित धमरोल निवासी चमन लाल ने बताया कि सुबह 10:00 बजे के करीब वह घर के साथ खेतों में दैनिक कार्यों में लगे हुए थे। इसी बीच गोशाला से अचानक धुएं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की लपटे उठने लगीं। गनीमत यह रही की पशुओं को बाहर बांधा था, अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। आग से गोशाला में रखा सूखा घास ,गेहूं, चावल, ईमारती लकड़ी सहित अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और आग बुझाने में ग्रामीणों की सहायता की। एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है, ताकि उन्हें हुए नुकसान की कुछ भरपाई हो सके। इस बारे में एसडीएम शशिपाल ने कहा कि हल्का पटवारी को नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं।