राष्ट्रीयकृत बैंको के पेंशनर्स ने वीरवार को गांधी चौक हमीरपुर में एक दिन की भूख हड़ताल की। राष्ट्रीय बैंक पेंशनर संघ के आहवान पर यह भूख हड़ताल की गई है। बैंक पेंशनर्स की कई मांगे लंबे समय से पूरी नहीं हुई है। इसी कड़ी में पंजाब नेशनल बैंक पेंशनर्स एसोसिएशन हमीरपुर के बैनर तले पेंशनरों ने भूख हड़ताल की। संघ की हिमाचल इकाई के महासचिव सुरेंद्र शर्मा और सर्कल प्रधान जोगिंद्र सिंह के नेतृत्व में दर्जनों पेंशनर गांधी चौक हमीरपुर में भूख हड़ताल पर दिन भर बैठे रहे। सुरेद्र शर्मा ने कहा कि पेंशनर का अपडेशन, विशेष वेतन को सेवानिवृत्ति लाभ के लिए मूल वेतन में सम्मलित करना, ग्रेच्युटी के एरियर का भुगतान सहित कईं मांगे लंबित हैं। राष्ट्रीय बैंकों में पेंशन योजना 1995 में स्वीकृत की गई थी, परन्तु इसके बाद कोई भी रिवीजन नहीं किया गया है। बैंक पेंशनर की मांग हैं कि आरबीआई की तर्ज पर पेंशन का रिवीजन किया जाए। केंद्र सरकार कर्मचारियों की ग्रेच्युटी की सीमा एक जनवरी 2016 से बढ़ाई गई, परन्तु बैंक पेंशनर्स को यह वृद्धि 29 मार्च 2018 से की गई ,जोकि अन्यायपूर्ण है। उन्होंने कहा कक कंप्यूटेशन की अवधि 15 साल है, जबकि कई राज्यों में 12 साल की अवधि में कंप्यूटेशन कटौती करके पूरी पेंशन दी जाती है। बैंक पेंशनर्स की पेंशन निर्धारण में विशेष वेतन को शामिल नहीं किया जाता है ,जोकि अन्यायर्पण है। बैंक पेंशनर्स की यह भी मांग है कि सभी पेंशनर्स की फ्री स्वास्थ्य बीमा की सुविधा दी जाए। इस दौरान एक दर्जन से अधिक पेंशनर मौजूद रहे।