हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत जमली व गुधबी पुलों की स्वीकृति पर भाजपा विधायक आशीष शर्मा के द्वारा श्रेय ले जाने पर कांग्रेस नेता एवं पूर्व प्रत्याशी डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने पत्रकार वार्ता कर विधायक पर जनता को गुमराह करने के आरोप लगाए हैं। हमीरपुर में डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के लोहड़ी दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत तीन पुलों की डीपीआर भेजी गई थी, जिसमें से दो पुलों को स्वीकृति प्रदान हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत दी गई स्वीकृति के लिए केंद्र का आभार भी व्यक्त कर दिया है लेकिन विधायक मात्र राजनीति करने का काम कर रहे है। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में पुलों के लिए स्वीकृत 14 करोड़ रूपये में से केवल हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग सात करोड़ रूपये मिले हैं। हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र से रोजगार देने के विधायक के विधानसभा में उठाए गए प्रश्न पर पलटवार करते हुए डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि विधायक संकीर्ण मानसिकता के साथ विधानसभा के पटल पर प्रश्न रखते हैं। उन्होंने कहा को रोजगार का मुद्दा विधानसभा क्षेत्र का न होकर प्रदेश का होता है और प्रदेश सरकार ने विभिन्न विभागों में हजारों युवाओं को नौकरी प्रदान की गई है । उन्होंने विधायक पर तंज कसते हुए कहा कि विधायक को नेता प्रतिपक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से तत्कालीन राज्य कर्मचारी चयन बोर्ड में हुए भर्ती घोटाले ओर परिणाम न घोषित करने पर प्रश्न करना चाहिए।