हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच हमीरपुर इकाई की मासिक बैठक जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश की अध्यक्षता में हुई। बैठक में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अजमेर ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित हुए। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष ने बैठक में कहा कि पेंशन समय पर नहीं मिलना चिंता का विषय बना हुआ है। इस संबंध में कई बार सरकार व प्रबंधन से गुहार लगाई गई लेकिन अभी तक सरकार ने कल्याण मंच को वार्ता तक के लिए नहीं बुलाया है। एक तरफ प्रदेश सरकार व्यवस्था परिवर्तन की बात कर रही है और दूसरी तरफ पेंशनरों को बुढ़ापे में अपने देय भतों को लेकर कोर्ट में जाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर शीघ्र ही वार्ता के लिए नहीं बुलाया गया तो कल्याण मंच सड़कों पर उतरने से भी गुरेज नहीं करेगा, जिसकी सारी जिम्मेदारी हिमाचल प्रदेश सरकार व निगम प्रबंधन की होगी।