फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hamirpur: भोरंज के बस्सी में बनेगा आधुनिक व्यावसायिक केंद्र, 3.65 करोड़ की परियोजना का विधायक सुरेश कुमार ने किया शिलान्यास

भोरंज विधानसभा क्षेत्र के बस्सी चौक में स्थानीय व्यापार और रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 3.65 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक व्यावसायिक केंद्र का बुधवार को विधायक सुरेश कुमार ने शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना के पहले ब्लॉक और पार्किंग निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। विधायक ने बताया कि व्यावसायिक केंद्र के पहले ब्लॉक पर लगभग 95 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। दो मंजिला इस परिसर में करीब 115 आधुनिक दुकानें विकसित की जाएंगी, जिससे स्थानीय व्यापारियों और युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत बनने के बाद भोरंज के समग्र विकास को गति मिली है। क्षेत्र में रिंग रोड, खेल मैदान, रेन शेल्टर, सार्वजनिक शौचालय तथा बस्सी चौक से भकरेड़ी चौक, तरक्वाड़ी चौक और आसपास के क्षेत्रों में सोलर लाइटें लगाने की योजनाओं पर भी कार्य किया जाएगा। सुरेश कुमार ने बताया कि भोरंज में बीडीओ कार्यालय भवन के निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। न्यायिक परिसर का निर्माण भी जल्द शुरू होगा। बस्सी अस्पताल में 12 चिकित्सकों की नियुक्ति की जा चुकी है तथा यहां अल्ट्रासाउंड और अत्याधुनिक एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा 24.50 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए ब्यास नदी से 45 करोड़ रुपये की पेयजल योजना पर तेजी से काम चल रहा है। वहीं, बलोखर से मुंडखर क्षेत्र के लिए गोविंदसागर झील से 93 करोड़ रुपये की पेयजल योजना स्वीकृत की गई है। जाहू में औद्योगिक क्षेत्र और बड़ा खेल मैदान विकसित किया जा रहा है, जबकि क्षेत्र की सभी प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण के लिए भी बजट उपलब्ध कराया गया है। कार्यक्रम में एसडीएम शशिपाल शर्मा ने विधायक का स्वागत करते हुए परियोजना की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुभाष ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल, बीडीसी अध्यक्ष पूनम कुमारी, एएसपी लालमन शर्मा, तहसीलदार डॉ. आशीष शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें