हिमाचल प्रदेश के विधानसभा क्षेत्र धर्मशाला के समीपवर्ती ग्राम पंचायत बाघनी के जवान अक्षय कुमार(29) का ड्यूटी के दौरान हृदयघात से निधन हो गया। बलिदानी जवान अरुणाचल प्रदेश में तैनात थे। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। शनिवार को बागनी में बलिदानी सैनिक के घर पर शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देने के लिए लोगों का तांता लगा रहा। सुबह से लोग घर पर शोक प्रकट करने के लिए पहुंचते रहे। इस दौरान एसडीएम संजीव भोट ने भी बलिदानी के परिवार को ढाढ़स बंधाया। अक्षय के बड़े भाई लकी कपूर ने बताया कि सेना से मिली जानकारी के अनुसार सुबह 10:00 बजे पोस्टमार्टम हो गया है। रविवार शाम तक पार्थिव शव आने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि दो माह पहले ही 7 अक्तूबर को अक्षय की शादी हुई थी।