जिला मुख्यालय में टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न कॉलेजों के रेड रिब्बन क्लब के नोडल ऑफिसरों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान जिला टीबी अधिकारी डॉ. राजेश सूद ने उपस्थित प्रतिभागियों को टीबी के लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि टीबी का समय पर पता चलने और नियमित दवा लेने से पूरी तरह इलाज संभव है। डॉ. सूद ने युवाओं से अपील की कि वे समाज में टीबी के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करें और लोगों को जांच व उपचार के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा टीबी मरीजों को निःशुल्क जांच और दवा की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। कार्यक्रम में रेड रिब्बन क्लब के नोडल ऑफिसरों ने अपने-अपने संस्थानों में जागरूकता गतिविधियां चलाने का संकल्प लिया।