धर्मशाला नगर निगम के वार्ड नंबर-9 सकोह क्षेत्र में नवनिर्वाचित पार्षद चौधरी नरेश कुमार भरवाल ने अपना चुनावी वादा निभाते हुए क्षेत्र की एक बड़ी समस्या के समाधान की दिशा में अहम कदम उठाया है। नगर निगम चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद उन्होंने खनियारा से आने वाली दूंदी कुहल के चरान खड्ड क्षेत्र में टूटे पड़े ओवरहेड डंगे को दोबारा तैयार करवाने का आश्वासन दिया था, जिसे अब ग्रामीणों के सहयोग से पूरा कर लिया गया है। पार्षद चौधरी नरेश कुमार भरवाल ने कहा कि जनसहयोग से बड़े से बड़ा कार्य भी संभव है और क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।