ईंटों से लदा ट्रक नकरोड़-चांजू मार्ग पर देररात बघेईगढ़ के समीप मार्ग के बीचोंबीच पलटने से वाहनों की आवाजाही बंद पड़ गई। मार्ग पर वाहनों की रफ्तार थमने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। मार्ग बंद होने से नकरोड़ और चांजू की ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ट्रक के बीचोंबीच पलटने से चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत बघेईगढ़, चांजू, चरड़ा, देहरा की 12 हजार की आबादी नकरोड़ से कट गई। सूचना मिलने के बाद मंगलवार सुबह 11:00 बजे के करीब दो जेसीबी की मदद के जरिए ट्रक को सीधा किया गया। जिसके बाद ही मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल हो पाया।