पांगी घाटी के सुराल में पैराग्लाइडिंग का रोमांच शुरू होगा। अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण संस्थान मनाली के उपनिदेशक डॉ. रोहित, आवासीय आयुक्त पांगी रमन घरसंघी और तहसीलदार शांता कुमार ने पैराग्लाइडिंग साइट का निरीक्षण किया। यह ट्रायल पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन खाजियार के सहयोग से सफल रहा। पिछले साल, पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन खाजियार चंबा और पांगी टूरिज्म टीम ने सुराल, कुमार, हुडान और चसक में पैराग्लाइडिंग की संभावनाएं तलाशी थीं। जिसमें सुराल में सफल ट्रायल हुआ था। यह पहल पांगी घाटी को साहसिक पर्यटन के हॉट स्पॉट के रूप में विकसित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इससे पर्यटकों को हिमालय की ऊंचाइयों से उड़ान भरने का अवसर मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के रास्ते खुलेंगे। सुराल घाटी की हरी-भरी ढलानें, बर्फ से ढकी चोटियां और क्रिस्टल जैसी साफ धाराएं पैराग्लाइडिंग के लिए एक आदर्श पृष्ठभूमि हैं। कार्यक्रम में सेवा संस्था के निर्देशक डॉ. हरीश शर्मा और उनकी टीम, पांगी टूरिज्म और सुराल भटोरी के हितधारक और स्थानीय लोग विशेष रूप से मौजूद रहे।