पानी व सीवरेज के बिलों की गई वृद्धि के विरोध में भाजपा नेता जय सिंह की अगुवाई में लोगों ने भरमौर चौक में प्रदर्शन किया। इसमें मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा नेता ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि चंबा शहर की 20000 आबादी है, जिससे सरकार पानी के मनमाने शुल्क वसूल रही है। जबकि, लोगों को नियमित रूप से पानी की आपूर्ति तक नहीं की जा रही है। पानी के बिलों में वृद्धि की गई लेकिन, कांग्रेस नेताओं ने कोई आपत्ति जाहिर नहीं की। हरदासपुरा वार्ड में लोग दस दिनों से पानी की बूंद देखने को तरस रहे हैं। लेकिन, उन्हें नियमित पानी नहीं दिया जा रहा। यदि ये लोग समय पर पानी का बिल नहीं चुकाएं तो उन्हें जुर्माना लगा दिया जाएगा। कहा कि कांग्रेस के विधायक अपने ऐसी वाले कमरों में आराम से रह रहे हैं। उनके घरों में पानी की कोई किल्लत नहीं हो रही है। जबकि, आम लोगों को इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है। पांगी में मुख्यमंत्री ने महिलाओं को 1500 रुपये देने की घोषणा कर दी, जबकि जिले के अन्य उपमंडलों की महिलाओं के लिए यह घोषणा नहीं की गई। भरमौर चौक में प्रदर्शन करने के बाद उन्होंने जल शक्ति विभाग के कार्यालय में हल्ला बोला। काफी देर प्रदर्शन करने के बाद सहायक अभियंता के जरिए मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा। इसमें उन्होंने पानी व सीवरेज के बिलों में की गई वृद्धि को रद्द करने की मांग की है।