चंबा के सरोल मुख्य मार्ग पर अंधड़ से एक सूखा पेड़ टूट कर कार पर गिर गया। इससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। गनीमत, ये रही कि उस दौरान कार में चालक सवार नहीं था। पेड़ की चपेट में आने से बिजली लाइन भी टूट गई। इससे सरोल पंचायत में अंधेरा पसर गया है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि चंबा-तीसा मार्ग के दोनों किनारों पर कई सूखे पेड़ हादसों को न्योता दे रहे हैं। लोक निर्माण विभाग को अवगत करवाने के बाद भी पेड़ों को नहीं काटा जा सका है। इस कारण सूखे पेड़ स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए खतरे की घंटी से कम नहीं हैं। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि पेड़ों की मार्किंग हो चुकी है। वन विभाग की अनुमति मिलने पर पेड़ों को काटने का क्रम आरंभ कर दिया जाएगा।