पीएम श्री सीनियर सेकेंडरी स्कूल होली में नौनिहालों की दिनचर्या गद्दी बोली में नाग देवता और भगवान कार्तिक स्वामी की अराधना से हो रही है। गद्दयाली बोली को प्रमोट करने के उद्देश्य से पाठशाला प्रबंधन ने यह अनूठी पहल की है। बड़ी बात यह है कि प्रार्थना सभा में राष्ट्रीय गीत और गान को छोड़ कर सभी गतिविधियां गद्दी बोली में हो रही है। पाठशाला के प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने कहा कि न्यू एजुकेशन पालिसी में भी स्थानीय बोली को बढ़ावा देने की व्यवस्था की गई है। लिहाजा इसी के तहत पाठशाला ने इस दिशा में कदम आगे बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि पाठशाला में गद्दी बोली के अलावा संस्कृत और इंग्लिश में भी प्रार्थना सभा की जाती है। उधर, पाठशाला प्रबंधन द्वारा गद्दयाली भाषा में प्रार्थना सभा करने की पहल का क्षेत्र वासियों ने जमकर सराहना की है।