जनजातीय क्षेत्र पांगी में भारी बर्फबारी के कारण फंसे घायल व्यक्ति को हेलीकॉप्टर से लिफ्ट किया गया। साच हेलीपैड में हेलीकॉप्टर मनाली से घायल को लेने के लिए पहुंचा। जहां पर घायल को पहले ही पहुंचा दिया गया था। पंगवाल एकता मंच की सक्रियता की वजह से घायल व्यक्ति को हेलीकॉप्टर की सेवा मिल सकी। मंच के प्रधान त्रिलोक ठाकुर ने मरीज को लिफ्ट करने के लिए हेलीकॉप्टर की मांग सरकार से लेकर प्रशासन तक पहुंचाई। इसके चलते रविवार को चारों तरफ से बंद पांगी घाटी में हेलीकॉप्टर घायल व्यक्ति को लेने पहुंचा। आवासीय आयुक्त पांगी रमन घरसंगी ने बताया कि घायल को हेलीकॉप्टर के जरिए पांगी से मनाली लिफ्ट कर दिया गया है। अब उसे उच्च चिकित्सा आसानी से प्राप्त हो जाएगी। लोनिवि के अधिशासी अभियंता रवि कुमार शर्मा ने बताया कि घीसल से साच तक सड़क को जेसीबी लगाकर खोल दिया था। ताकि घायल को हेलीपैड लाने में कोई दिक्कत न हो।