शहीद स्मारक बिलासपुर में कारगिल विजय दिवस की 25वीं वर्षगांठ पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। उपायुक्त बिलासपुर आबिद हुसैन सादिक ने पूर्व सैनिकों और वीर नारियों की उपस्थिति में देश की रक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले बलिदानी सैनिकों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। उन्होंने कहा कि सभी बलिदानियों का कर्ज हम पर है। भारत की सेना ने अपने शौर्य और पराक्रम से हमेशा देश का गौरव बढ़ाया है, जिस पर हम सभी को गर्व है। इन वीर जवानों के त्याग एवं बलिदान के कारण ही राष्ट्र की सीमाएं सुरक्षित हैं। श्रद्धांजलि समारोह में पुलिस अधीक्षक विवेक चहल सहित सेना के सेवानिवृत्त अधिकारी उपस्थित रहे।