राजकीय आदर्श कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर में मंगलवार को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की टॉप-10 मेरिट सूची में जगह बनाने वाली कॉमर्स संकाय की छात्रा ज्योति झा को सम्मानित किया गया। स्कूल प्रधानाचार्य पूनम चौहान ने कहा कि स्कूल के अन्य संकायों से भी छात्राओं ने अच्छा प्रदर्शन किया और महज दो-दो नंबरों के अंतर से छात्राएं मेरिट सूची में स्थान दर्ज नहीं कर पाई हैं। ज्योति झा ने अपनी सफलता का श्रेय अभिभावकों और शिक्षकों को दिया है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और अध्यापकों के सहयोग के कारण ही उन्होंने यह स्थान प्राप्त किया है। बिहार के सहारसा जिला के खुजराहा गांव निवासी ज्योति झा ने बुलंद हौसले के दम पर 476 अंक लेकर मेरिट सूची में आठवां स्थान हासिल किया है। 20 वर्ष पूर्व ज्योति झा के पिता अनिल झा और माता कविता देवी रोजगार की तलाश में हमीरपुर पहुंचे थे। ज्योति की शुरुआती पढ़ाई हमीरपुर के निजी स्कूल से हुई है, जबकि आठवीं कक्षा के बाद उन्होंने कन्या स्कूल हमीरपुर में दाखिला लिया था। पुत्री का नाम मेरिट सूची में आने पर अभिभावकों में खुशी की लहर है। परिवार की खराब आर्थिक हालत के बावजूद ज्योति ने मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। ज्योति ने बताया कि सुबह और शाम को घर पर काम में मां का हाथ बांटने के बाद पढ़ाई करती थीं। ज्योति ने कहा कि वह भविष्य में सीए बनना चाहती हैं। इसके लिए तैयारी भी शुरू कर दी हैं। उन्होंने कहा कि पढ़ाई को लेकर उन्हें उनकी बड़ी बहन जूली का अहम योगदान रहा। पढ़ाई प्रभावित न हो इसके लिए वह पिछले छह वर्षों से बिहार स्थित अपने घर भी नहीं गईं ।