कैंची मोड़ फोरलेन फ्लाईओवर के नीचे अब राहगीरों को बैठने के लिए जगह मिलेगी। ग्राम पंचायत स्वाहण की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए यहां आठ सीमेंट की कुर्सियां लगवाई गई हैं। पंचायत प्रधान अमरजीत कौर की पहल पर किए गए इस कार्य से स्वारघाट, श्री नयना देवी जी और कीरतपुर साहिब की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। कैंची मोड़ में लंबे समय से बसों और अन्य वाहनों का इंतजार करने वाले लोगों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था नहीं थी। इसके चलते यात्रियों को काफी देर तक खड़े रहकर इंतजार करना पड़ता था। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को विशेष रूप से परेशानी होती थी। बारिश और खराब मौसम के दौरान यह दिक्कत और बढ़ जाती थी। यात्रियों की समस्या को देखते हुए पंचायत ने फ्लाईओवर के नीचे आठ सीमेंट की कुर्सियां स्थापित करवाई हैं। पंचायत प्रधान अमरजीत कौर ने बताया कि राहगीरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जल्द ही यहां शौचालय का प्रबंध भी किया जाएगा। पंचायत का प्रयास है कि इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को जरूरी जनसुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। स्थानीय लोगों ने पंचायत की इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि कैंची मोड़ में बैठने की व्यवस्था की लंबे समय से जरूरत महसूस की जा रही थी। कुर्सियां लगने से वाहन का इंतजार करने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। ग्राम पंचायत स्वाहण की ओर से क्षेत्र में जनसुविधाओं और विकास कार्यों को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। बरसात के दौरान गांवों को जोड़ने वाली सड़कों के बंद होने पर उन्हें खुलवाने में भी पंचायत ने सक्रिय भूमिका निभाई थी। अब कैंची मोड़ में यात्रियों के बैठने की व्यवस्था को स्थानीय लोग उपयोगी पहल मान रहे हैं।