राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ हिमाचल प्रदेश ने प्रदेश सरकार की ओर से लागू किए गए नए कांप्लेक्स सिस्टम के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का एलान कर दिया है। शुक्रवार को जिला बिलासपुर के घुमारवीं में आयोजित संघ के विशेष साधारण अधिवेशन में स्पष्ट किया गया कि यदि सरकार ने शिक्षकों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो अगले डेढ़ वर्ष का संघर्ष रोडमैप तैयार कर प्रदेशव्यापी आंदोलन चलाया जाएगा। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में मौजूदा सरकार का विरोध भी किया जाएगा। अधिवेशन में राज्य कार्यकारिणी, 12 जिलों और 141 ब्लॉकों के करीब 700 पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में 23 सितंबर 2025 को जारी नए कांप्लेक्स सिस्टम की अधिसूचना का एकमत से विरोध करते हुए इसे तत्काल प्रभाव से वापस लेने की मांग उठाई गई। संघ के प्रदेशाध्यक्ष रमेश शर्मा ने कहा कि यह अधिसूचना प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था और प्राथमिक शिक्षकों के अधिकारों पर सीधा प्रहार है।