बिलासपुर की भराड़ी उपतहसील के तहत भपराल गांव में रिहायशी घर के बाहर आंगन में तेंदुए की चहलकदमी से लोगों में दहशत है। चहलकदमी करता तेंदुआ घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। भपराल गांव के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य चमन जसवाल ने बताया कि घर के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। मंगलवार रात को घर के आंगन में तेंदुआ पहुंच गया था। ऐसे में अब घर के लोगों में डर का माहौल है। चमन जसवाल ने बताया कि उनके घर के नजदीक आधा दर्जन अन्य परिवार रहते हैं। घरों में छोटे छोटे बच्चे भी हैं। बच्चे आंगन में खेलते रहते हैं। लोगों की पशुशालाऐ घरों से थोड़ी दूरी पर हैं। घास लाने व पशुओं की देखभाल करने के लिए घरों से दूरी पर जाना पड़ता है। कई रिहायशी गांव में शाम के समय तेंदुए के गुर्राने की आवाज सुनाई देती है। आरओ भराड़ी मदन लाल ने कहा कि तेंदुए को ट्रैप करने के लिए भपराल की नजदीकी पंचायत मरहाणा में कैमरा ट्रैप लगाया गया है। जबकि तडोंन में एक पिंजरा लगाया गया है। अब सूचना भपराल में तेंदुआ होने की मिली है तो वहां पर भी पिंजरा लगाया जाएगा।