स्वामी विवेकानंद राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं में शनिवार को वस्त्र दान अभियान का शुभारंभ किया गया। सामाजिक सरोकार से जुड़े इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ठंड के मौसम में जरूरतमंद परिवारों तक ऊनी वस्त्र पहुंचाना है, ताकि उन्हें सर्दी से राहत मिल सके। यह अभियान आगामी 5 दिसंबर तक महाविद्यालय परिसर में चलेगा। अभियान की शुरुआत के मौके पर एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष नितिन चड्ढा ने कहा कि समाज के प्रति संवेदनशीलता और सहयोग की भावना युवाओं को आगे बढ़कर निभानी चाहिए। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी, शिक्षक तथा स्थानीय लोग साफ-सुथरे, उपयोग योग्य ऊनी वस्त्र कॉलेज परिसर में जमा करवा सकते हैं। सभी एकत्रित वस्त्रों को बाद में व्यवस्थित रूप से छांट कर जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जाएगा। अभियान के पहले ही दिन विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कपड़े दान किए, जिससे अभियान को सकारात्मक शुरुआत मिली। महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने भी हर वर्ष की भांति इस सामाजिक पहल में सक्रिय योगदान प्रदान किया।