महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद अब व्यास प्योर नाम से बाजार में उपलब्ध होंगे। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने बीडीओ कार्यालय परिसर घुमारवीं से ‘व्यास प्योर’ गिफ्ट पैक का विमोचन किया। जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य महिला समूहों के उत्पादों को बेहतर विपणन मंच उपलब्ध कराना है। मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से तैयार यह गिफ्ट पैक महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने महिलाओं को प्रेरित किया कि गिफ्ट पैक तक सीमित न रहकर समय की जरूरत के हिसाब से नए उत्पाद तैयार किए जाएं। पुदीना, मोरिंगा, कड़ी पत्ता पाउडर और कच्ची हल्दी की ड्राई स्लाइस बनाने की दिशा में प्रयास करने की बात कही। उन्होंने कहा कि डिहाइड्रेटेड फल-सब्जियों के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं, जो उपभोक्ताओं को स्वास्थ्यवर्धक विकल्प भी देंगे। उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि व्यास प्योर गिफ्ट पैक को त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसमें हल्दी, हर्बल चाय, इंस्टेंट खीर और चटनी शामिल की गई हैं। इस पैक को जिला में आने वाले अति विशिष्ट अतिथियों को भेंट स्वरूप दिया जाएगा और साथ ही ‘हिमइरा’ प्लेटफार्म से भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि ब्रांडिंग और पैकेजिंग की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया गया है ताकि उत्पादों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिले। इस अवसर पर एडीसी ओम कांत ठाकुर, एसडीएम गौरव चौधरी, पीओ डीआरडीए यशपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं मौजूद रहीं।