सदर ब्लॉक मार्कंडेय में शनिवार को विश्व मौखिक स्वास्थ्य दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 के तहत सभी उपस्थित लोगों को तंबाकू सेवन नहीं करने की शपथ दिलाकर की गई। कार्यक्रम खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह बावा के दिशा-निर्देश में, डेंटल विशेषज्ञ डॉ. निधि की अध्यक्षता में सीएच मार्कंडेय में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में डॉ. निधि और हेल्थ एजुकेटर मस्तराम ने बताया कि हर साल 20 मार्च को विश्व मौखिक स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य दांतों, मसूड़ों और ओरल कैविटी की स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करना है। यह दिवस 20 मार्च 2013 को एफडीआई वर्ल्ड फेडरेशन के द्वारा शुरू किया गया था। डॉक्टरों ने कहा कि अच्छी मौखिक सेहत के लिए दिन में दो बार ब्रश करना आवश्यक है। ब्रश हमेशा नरम बालों वाला होना चाहिए ताकि मसूड़ों को नुकसान न पहुंचे। स्वस्थ आहार जैसे ताजे फल, हरी सब्जियां, साबुत अनाज और दूध को भोजन में शामिल करने की सलाह दी गई। साथ ही चीनी और जंक फूड कम खाने की बात कही गई।