रघुनाथपुरा पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सदर के विधायक त्रिलोक जमवाल बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। सदर विधानसभा क्षेत्र की पांच पंचायतों रघुनाथपुरा, नौणी, बल्ह-बल्वाणा, सिहड़ा व बंदला के 25 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रशस्ति पत्र भेंट किए। विधायक त्रिलोक जमवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार सबका साथ, सबका विकास,सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूलमंत्र पर कार्य कर रही है। इसी भावना के तहत देशभर में करोड़ों गरीब परिवारों को पक्का मकान, रसोई गैस,पेयजल कनेक्शन और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं मिल रही हैं। कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य हर गरीब परिवार को सुरक्षित और सुविधायुक्त पक्का घर देना है, ताकि उनका भविष्य मजबूत और उज्जवल बन सके। बताया कि पिछले वर्ष हिमाचल प्रदेश जैसे छोटे राज्य को इस योजना के तहत 97 हजार मकानों की स्वीकृति मिली है, जो प्रधानमंत्री मोदी के समावेशी विकास दृष्टिकोण का प्रमाण लाभार्थियों को दिए गए प्रशस्ति पत्र केवल दस्तावेज नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक सशक्त कदम हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक राष्ट्रवादी पार्टी है, जिसका मुख्य उद्देश्य गरीब समाज की सेवा करना है। वर्ष 2014 के बाद से केंद्र सरकार ने गरीबों के कल्याण के लिए जो कदम उठाए हैं, वे पहले किसी सरकार ने नहीं उठाए। प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए त्रिलोक जमवाल ने कहा कि “न तो इस समय कोई चुनाव है और न ही हम किसी तरह का वादा कर रहे हैं। हम सिर्फ उन कार्यों की चर्चा कर रहे हैं, जिन्हें मोदी सरकार ने जमीन पर उतारा है। कार्यक्रम में सदर विकास खंड अधिकारी बबीता धीमान, एसईबीपीओ जसवीर सांबयाल, विभिन्न पंचायत प्रतिनिधि, लाभार्थी और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।