यमुनानगर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान के तहत एडीएम कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान अधिकारियों ने मतदाता सूची को अद्यतन, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान की जानकारी दी तथा पात्र नागरिकों से अपने नाम मतदाता सूची में शामिल करवाने की अपील की। एसडीएम विश्वनाथ ने बताया कि अभियान के तहत नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने और मतदाता सूची में मौजूद त्रुटियों के सुधार का कार्य किया जाएगा। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे और आवश्यक दस्तावेज एकत्रित करेंगे। ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया सहित निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित महत्वपूर्ण तिथियों की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना जरूरी है। विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान के तहत सभी पात्र नागरिक अपने नाम की जांच अवश्य करें। यदि किसी का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तो वह निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य शत-प्रतिशत सही और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है। अधिकारियों ने मीडिया प्रतिनिधियों से भी अभियान की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में सहयोग करने का आह्वान किया।