सर्दी बढ़ने के साथ लोगों में पहाड़ी इलाकों में घूमने और वहां बर्फबारी देखने का उत्साह है। इसका अंदाजा रोडवेज बसों के पहाड़ी क्षेत्रों के रूटों पर बढ़ रहे यात्रियों को देख लगाया जा सकता है। रोडवेज विभाग भी यह मौका भुनाने के प्रयास में है, तभी यमुनानगर डिपो से शिमला रूट के बंद पड़े दो समय चालू कर दिए गए हैं। इससे यमुनानगर से शिमला के लिए 6.30 व 7.00 बजे भी बस हो गई है। साथ ही कई माह से बंद पड़ा जम्मू का कटरा रूट दोबारा शुरू करने के साथ अन्य पहाड़ी क्षेत्रों के रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाने पर मंथन हो रहा है। बता दें कि सर्दियों में जिले से काफी संख्या में लोग नवंबर से फरवरी माह तक पहाड़ी क्षेत्रों में घूमने व बर्फबारी का आनंद लेने जाते हैं। इसके चलते हरियाणा रोडवेज बसों के पहाड़ी क्षेत्र वाले रूटों पर यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। पहले कम सवारी देख शिमला रूट के तीन में से एक या दो समय ही चल रहे थे, पर अब रूट पर यात्री बढ़ने देख रोडवेज अफसरों ने शिमला के तीनों समय बस सेवा शुरू कर दी है। इससे यमुनानगर बस स्टैंड से शिमला के लिए सुबह 5.30 बजे के साथ बंद पड़े 6.30 व 7.00 बजे के समय पर भी बस मिलने लगी है। ऐसे ही रोडवेज अफसरों का फोकस डिपो की बसों के हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के रूटों पर बस सेवा सुचारू रखने पर हैं। दोनों प्रदेशों के अधिकांश रूटों पर नई बसें चलाई जा रही हैं, जिससे सफर के बीच यात्रियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।