खंड रादौर के जठलाना क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। जिसमें बाइक सवार तीन युवक बुरी तरह से घायल हो गए। हादसा बापौली रोड पर मंगलवार देर रात को हुआ है। हालांकि तीनों युवक को रादौर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया था, किंतु चोटें अधिक लगने के चलते उन्हें यमुनानगर ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। जहां पर उनका इलाज चल रहा है। पुलिस को दिए बयानों में गांव पूर्णगढ़ निवासी जावेद बाइक पर अपने गांव से रादौर की ओर आ रहा था, वहीं दूसरी ओर से मनप्रीत व अजय रादौर से अपने गांव बापा जा रहे थे। बापौली रोड पर दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें तीनों युवक घायल हो गए। घायल युवक मनप्रीत के चाचा टोनी ने बताया कि उसका भतीजा पास के ही गांव में दूध लेने गया था, लेकिन उन्हें यह नहीं पता कि वह रादौर की ओर कैसे पहुंच गया। फिलहाल, गंभीर रूप से घायल युवकों में से एक को मुलाना अस्पताल, जबकि दो अन्य को यमुनानगर ट्रामा सेंटर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।