यमुनानगर के जगाधरी स्थित गंगानगर कॉलोनी में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में नई नवेली दुल्हन समेत दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार गंगानगर कॉलोनी निवासी शिवकुमार की शादी 29 अप्रैल को 25 वर्षीय खुशबू के साथ हुई थी। मंगलवार सुबह खुशबू, शिवकुमार और उसकी ननद पूजा पंचमुखी हनुमान मंदिर जाने के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि खुशबू आज मंदिर जाने के बजाय अगले मंगलवार को जाने की बात कह रही थी, लेकिन पूजा और शिवकुमार मंदिर जाने के लिए तैयार हो गए। पूजा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के इटोरा गांव की रहने वाली थी और शादी के बाद से गंगानगर कॉलोनी में अपने भाई के घर आई हुई थी।