नगर निगम यमुनानगर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा राज्य कमेटी के आह्वान पर शुरू हुई यह हड़ताल अब 5 मई तक बढ़ा दी गई है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदल सकता है। रविवार को आयोजित धरने की अध्यक्षता इकाई प्रधान पपला ने की, जबकि मंच संचालन संजय गहलोत ने किया। इस दौरान राज्य महासचिव मांगे राम तिगरा ने कहा कि कर्मचारियों की मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि स्थिति जल्द नहीं सुधरी तो शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो सकती है, जिससे फैलने वाली बीमारियों और समस्याओं की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में 23 व 31 दिसंबर 2025 के कोर्ट आदेशों के अनुसार कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, ठेकेदारी प्रथा समाप्त कर सभी कर्मचारियों को विभागीय रोल पर लेना, न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपये लागू करना तथा सेवानिवृत्ति पर कच्चे कर्मचारियों को पांच लाख रुपये और एक्स-ग्रेशिया पॉलिसी लागू करना शामिल है। धरने में उप प्रधान जनक राज, रमन वैद, सहसचिव संजीत तिगरा, कार्यालय सचिव सोरन, श्यामलाल, कन्हैया, संजय डूलगच और सुरेश शादीपुर समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।