यमुनानगर के गधौली कलां गांव के मोड पर लगे नाके का मामला बुधवार को कष्ट निवारण समिति की बैठक में उछला ही नहीं बल्कि फरियादी को खुद भी मंत्री के गुस्से का सामना करना पड़ गया। दरअसल, बात तब बिगड़ गई जब गधौली कलां गांव के शिकायतकर्ता कुलदीप ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, अनुसूचित जाति विभाग के मंत्री कृष्ण कुमार बेदी के सामने अपने ही गांव के सरपंच द्वारा टोल प्लाजा के अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर गांव के मोड पर नाका लगाकर अवैध वसूली का आरोप लगाया। फरियादी ने यहां तक आरोप लगाते हुए कह दिया इस अवैध वसूली को न तो पुलिस और न ही प्रदेश सरकार रोक पा रही है। इस मंत्री बेदी फरियादी पर भड़क गए और कहा उनकी सरकार को ऐसा न बोलिए उनकी सरकार क्या-क्या कार्य कर रही बारी-बारी से मंत्री ने फरियादी को योजनाएं गिनवाकर नसीहत देते उन्हें अपने शब्द वापस लेने को कहा। बता दें कष्ट निवारण समिति की बैठक में 19 परिवाद आए, जिनमें से 14 का निपटान और पांच को अगली बैठक के लिए लंबित रख लिया गया है।