फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गुरनाम चढ़ूनी की रिहाई की मांग को लेकर मिल्क माजरा टोल पर किसानों का जाम दोनों ओर वाहनों की लगी लंबी कतारें, पुलिस ने यातायात किया डायवर्ट

यमुनानगर। भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी समेत अन्य किसान नेताओं को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में सोमवार को किसानों ने मिल्क माजरा टोल प्लाजा पर जाम लगा दिया। किसानों ने टोल प्लाजा पर धरना देकर आवाजाही रोक दी और नेताओं की रिहाई तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। जाम के कारण टोल प्लाजा के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। डीएसपी और संबंधित थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ स्थिति पर नजर बनाए रखी। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला गया, ताकि जाम का प्रभाव कम किया जा सके। भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी के जिलाध्यक्ष संजू ने बताया कि देश बचाओ मोर्चा के बैनर तले भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में 21 जुलाई को दिल्ली में किसानों की महापंचायत प्रस्तावित थी। उनका आरोप है कि महापंचायत से पहले ही पुलिस ने राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी सहित कई किसान नेताओं को हिरासत में ले लिया। इसे किसानों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए संगठन ने विरोध स्वरूप टोल प्लाजा पर जाम लगाने का निर्णय लिया। किसानों ने कहा कि जब तक हिरासत में लिए गए सभी किसान नेताओं को रिहा नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। वहीं पुलिस अधिकारियों ने मौके पर शांति बनाए रखने की अपील की। देर शाम तक किसान टोल प्लाजा पर डटे रहे और प्रशासन से वार्ता की संभावना बनी हुई थी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें