पंचकूला–सहारनपुर नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह घने कोहरे के कारण एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोहरे की वजह से विजिबिलिटी बेहद कम होने के कारण कई वाहन आपस में टकरा गए। बताया जा रहा है कि सभी वाहन अंबाला की तरफ से आ रहे थे। इसी दौरान आगे चल रहे वाहन के अचानक धीमा होने पर पीछे से आ रही गाड़ियां एक-दूसरे से टकराती चली गईं। हादसा इतना जबरदस्त था कि कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना में कुछ लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए जगाधरी के एक निजी अस्पताल और उप जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को बाहर निकालने में मदद की और तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। हादसे में एक कैंटर सड़क के बीचों-बीच फंस गया था, जिसके कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया। इसके बाद प्रशासन ने हाइड्रा मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों और कैंटर को सड़क के किनारे करवाया, जिससे यातायात को धीरे-धीरे सामान्य किया गया। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को नियंत्रित किया और जाम को खुलवाने में जुटे रहे। पुलिस का कहना है कि घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से यह हादसा हुआ है। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे के मौसम में सावधानी से वाहन चलाएं, गति धीमी रखें और पर्याप्त दूरी बनाकर चलें ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।