यमुनानगर में एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 15 लाख रुपये कीमत की 320 ग्राम हेरोइन (स्मैक) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देश पर जिले में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज अनिल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक कलानौर पेट्रोल पंप के पास नशीले पदार्थ के साथ घूम रहा है। सूचना के आधार पर उप निरीक्षक सतीश कुमार, ओम प्रकाश, एएसआई जसवीर सिंह, जयपाल, मुख्य सिपाही ललित और सुल्तान की टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को काबू किया। पूछताछ में उसकी पहचान चांदमियां उर्फ अमीर खान, निवासी गांव चुंगियारी, थाना झिझाना जिला शामली के रूप में हुई। तलाशी के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट ईटीओ अजय कुमार सैनी की मौजूदगी में आरोपी के पास से 320 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपी से हेरोइन की सप्लाई चेन और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी।