यमुनानगर। अपराध शाखा-2 की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हिमाचल नंबर की कार से 5 किलो 718 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने कार सवार हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू के जटहेड़ निवासी मिलापचंद और कांडाधारा निवासी नितेश कुमार उर्फ नीटू को गिरफ्तार किया है। डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि अपराध शाखा-2 प्रभारी राकेश कुमार की टीम को सूचना मिली थी कि हिमाचल नंबर की सफेद कार में सवार लोग नशीला पदार्थ लेकर नेशनल हाईवे से गुजरेंगे। सूचना के आधार पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने छप्पर रेस्ट हाउस के पास नाकाबंदी कर कार को रोक लिया। मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट को बुलाकर तलाशी ली गई। कार से चरस बरामद होने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें पांच दिन के रिमांड पर लिया गया है। डीएसपी ने बताया की पुलिस टीम आरोपियों से पूछताछ में चरस की सप्लाई और खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही है।