नारनौल में दोपहर बाद मौसम बदलने से आमजन को थोड़ी गर्मी से राहत मिली है। इस दौरान काले घने बादल छा गए और आंधी शुरू हो गई। नारनौल में बीते पांच दिन से 45 के आसपास तापमान दर्ज किया जा रहा है। शुक्रवार को भी सुबह से उमस भरी गर्मी से आमजन परेशान थे। लेकिन दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे अचानक से मौसम बदल गया और तेज हवा चलनी शुरू हो गई। साथ ही बारिश की संभावना भी बनी हुई है। डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि वर्तमान समय में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर सक्रिय होने से 13-14 जून को हरियाणा के पंचकूला अंबाला यमुनानगर में तेज गति से हवाएं चलने और हल्की बारिश बूंदा-बांदी की गतिविधियों की संभावना बन रही है। उसके बाद 14 जून को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 15-17 जून को हरियाणा के उत्तरी जिलों के साथ पूर्वी जिलों में तेज गति से हवाएं चलने अंधड़ और हल्की बारिश बूंदा-बांदी की संभावना है। उसके बाद 18 जून को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से धीरे-धीरे 18-23 जून के दौरान संपूर्ण हरियाणा एनसीआर दिल्ली में में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 23-24 जून के बाद हरियाणा एनसीआर दिल्ली में मानसून आने की संभावना बन रही है।