आधी रात को अचानक बदले मौसम ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। शनिवार रात करीब साढ़े बारह बजे राई क्षेत्र में तेज हवा के साथ ओलावृष्टि शुरू हो गई। इसके साथ ही गरज के साथ हल्की बारिश भी हुई। देर रात से ही जिले भर में रुक-रुककर हल्की बूंदाबांदी का दौर जारी है। आसमान में घने बादल छाए हुए हैं, जिससे ठंड में एक बार फिर इजाफा महसूस किया जा रहा है। देर रात हुई ओलावृष्टि के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है। विशेषकर सब्जी उत्पादकों और सरसों की फसल उगा रहे किसानों को नुकसान की आशंका सता रही है। खेतों में खड़ी सरसों की फसल पर ओलों के गिरने से फूल को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है, वहीं सब्जियों की फसल भी प्रभावित हो सकती है। खासकर आलू में ओलावृष्टि से नुकसान हो सकताहै।